Search This Blog

Showing posts with label # World Book Fair. Show all posts
Showing posts with label # World Book Fair. Show all posts

Monday 6 March 2023

नये भारत का साहित्य



 नये साहित्य में वर्ग संघर्ष नहीं, अपितु समन्वय पर जोर हो : अनिल जोशी

इन्द्रप्रस्थ साहित्य भारती (संबद्ध-अखिल भारतीय साहित्य परिषद्) द्वारा  02 मार्च, 2023 गुरुवार को विश्व पुस्तक मेला, नई दिल्ली में ‘नये भारत का साहित्य’ विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया। 

सेमिनार के मुख्य वक्ता केंद्रीय हिंदी शिक्षण मंडल के उपाध्यक्ष श्री अनिल शर्मा जोशी ने अपने वक्तव्य में चिंता प्रकट करते हुए कहा कि भारतीय साहित्य में राष्ट्रीयता की उपेक्षा हो रही है, जबकि इसे विकसित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भक्ति काल में सर्वश्रेष्ठ साहित्य रचा गया। तुलसीदास, सूरदास, रवींद्रनाथ टैगोर, शरतचंद्र, निराला जैसे साहित्यकारों ने सामाजिक-सांस्कृतिक पुनर्जागरण का स्वर प्रखर किया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद खंडित साहित्य रचा जाने लगा। अब नये भारत के साहित्य में वर्ग-संघर्ष नहीं, अपितु समन्वय पर जोर हो। भारतीय संस्कृति, जिसमें परिवार महत्वपूर्ण है, पर बल देना होगा। 

अखिल भारतीय साहित्य परिषद् की राष्ट्रीय मंत्री एवं दिल्ली विश्वविद्यालय की प्रोफेसर नीलम राठी ने कहा कि आज ऐसा साहित्य रचने की जरूरत है जो भारतीय संस्कृति को प्रतिष्ठित करे। खांचे में बांटकर साहित्य पर विचार न हो। हम समस्यापरक साहित्य नहीं बल्कि समाधानपरक साहित्य का सृजन करें। 

इन्द्रप्रस्थ साहित्य भारती के संरक्षक श्री तिलक चांदना ने कहा कि हमारा साहित्य लोकमंगल की भावना को प्रतिष्ठित करनेवाला हो। अखिल भारतीय साहित्य परिषद् के राष्ट्रीय मंत्री श्री प्रवीण आर्य ने कहा कि हमारे साहित्यकार बाल साहित्य की उपेक्षा करते हैं। नये साहित्य में बाल साहित्य पर गंभीरता से विचार और लेखन हो। अखिल भारतीय साहित्य परिषद्, काशी प्रांत के मंत्री डॉ. देवी प्रसाद तिवारी ने कहा कि नये साहित्य में समग्रता-बोध पर जोर हो। डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर की सहायक प्राध्यापक एवं लेखिका डॉ. सुजाता मिश्रा ने कहा कि नये भारत का साहित्य मन को संस्कारित करनेवाला हो। इस कार्यक्रम में श्रीमती सरोज दीक्षा ने भी अपने विचार रखे। 

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ साहित्यकार श्री विनोद बब्बर ने कहा कि आज के साहित्य की भूमिका मनोबल बढ़ानेवाला हो। साहित्यकार अपनी भाषाओं एवं अपनी धरती से जुड़ें। आधुनिकता और परंपरा का समन्वय हो। 

इस सेमिनार का संचालन श्री संजीव सिन्हा ने किया एवं धन्यवाद ज्ञापन श्री बृजेश गर्ग ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुप्रसिद्ध गीतकार श्री जय सिंह आर्य द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत करने से हुआ और इन्द्रप्रस्थ साहित्य भारती की कार्यालय प्रमुख श्रीमती सुनीता बुग्गा द्वारा कल्याण मंत्र प्रस्तुत करने के बाद इसका समापन हुआ। 

इस कार्यक्रम में इन्द्रप्रस्थ साहित्य भारती के महामंत्री सर्वश्री भुवनेश सिंघल, कोषाध्यक्ष अक्षय अग्रवाल, पूर्व महामंत्री मनोज शर्मा, भारत भूषण, अनिल बंसल एवं नीलम भागी सहित अनेक साहित्यकारों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।