Search This Blog

Showing posts with label # Galdan Namchot. Show all posts
Showing posts with label # Galdan Namchot. Show all posts

Sunday 3 December 2023

मेलों, नृत्य, गायन उत्सवों और उल्लास का दिसम्बर नीलम भागी Neelam Bhagi








वैष्णों देवी के लिए हैलीकॉप्टर सेवा बंद थी, घोड़े पर बैठने से डरती हूँ और पैदल जाने की मेरी सेहत इज़ाज़त नहीं दे रही थी। मेरा ग्रुप भी दर्शन को चला गया था। अकेली मैं होटल में रह गई थी। वहाँ मैंने देखा जो भी आता है, समान टिका कर माता के दर्शन को चढ़ाई पर निकल जाता था। जो दर्शन करके आता था, वह गाड़ी के समय तक थकान उतारता था फिर वापसी कर लेता था। मैंने एक ऑटो बुलाया और उसे कहा,’’मुझे शाम तक कटरा और उसके आस पास जो भी तीर्थस्थल हैं, उनके दर्शन कराने हैं और उनके बारे में जो पता है, सुनाना है और वहाँ कब भीड़ होती है, मेरा मतलब है त्योहार, मेले वगैरह लगने से हैं।’’ वह मुझे लेकर चल दिया। अब उसे सुन रही थी और प्राकृतिक सौन्दर्य को निहारती जा रही थी और साथ साथ मेरे विचार भी चल रहे थे।   

उत्सव यानि पर्व या त्यौहार का हमारी संस्कृति में विशेष स्थान है। साल भर कोई न कोई उत्सव चलता ही रहता है। हर ऋतु में हर महीने में कम से कम एक प्रमुख त्यौहार अवश्य मनाया जाता है। तीर्थस्थान पर स्नान करते हैं। धर्म और लोककथाओं के बाद उत्सव की एक महत्वपूर्ण उत्पत्ति कृषि है। धार्मिक स्मरणोत्सव और अच्छी फसल के लिए धन्यवाद दिया जाता है। रवि की फसल की बुआई सितम्बर से नवम्बर तक हो जाती है। फिर बड़ी श्रद्धा और उत्साह से उत्सव मनाते हैं। 

झिड़ी का मेला उत्सव- जम्मू से 22 किमी दूर झिड़ी गाँव में कार्तिक पूर्णिमा से 3 दिसम्बर तक उत्तर भारत का सबसे बड़ा किसान मेला, क्रांतिकारी ब्राह्मण किसान, माता वैष्णों के परम भक्त बाबा जित्तो और उनकी बेटी बालरुप कौड़ी बुआ की याद में लगता है। देश भर से आए श्रद्धालुओं को ठहराने के लिए स्कूल कॉलिज सब बंद रहते हैं और 24 घण्टे भण्डारा चलता है। श्रद्धालु बाबा तालाब में स्नान करते हैं। मन की मुराद पूरी होती है। ऐसा माना जाता है कि उसमें नहाने से त्वचा रोग ठीक हो जाते हैं। यहाँ 500 साल से बाबा जित्तो का मंदिर है। इस मेले का मुख्य आर्कषण खेती बाड़ी से जुड़े स्टॉल हैं, दंगल और ग्रामीण खेल हैं। बुआ कौड़ी के लिए गुड़िया लाते हैं। माथा टेकने पर लइया का प्रशाद मिलता है। बाबा जित्तो ने उस समय की सामंती व्यवस्ता पर सवाल खड़े किए थे। आज सबसे पहले अपने खेत का अनाज बाबा जित्तो को चढ़ाते हैं, बाद में अपने लिए रखते हैं क्योंकि उन खेतों में जाने वाला पानी बाबा जित्तो की ही देन है।

विद्वानों का मानना है जो जनजातियाँ नाचती गाती नहीं-उनकी संस्कृति मर जाती है।

नृत्य, गायन उत्सवों की शुरूआत भारत के मंदिरों में हुई थी। लेकिन अब देश विदेश से इन उत्सवों को देखने पर्यटक आते हैं।

कुंभलगढ़ उत्सव(1से 3 दिसम्बर) को कुंभलगढ़ किले में मनाया जाता है। इसमें अलग अलग संस्कृतियों से जुड़े कार्यक्रम को देखने, देशी विदेशी पर्यटक बड़ी संख्या में  भाग लेते हैं।

कोणार्क नृत्य महोत्सव(1 से 5 दि0) कोणार्क सूर्य मंदिर में पूरे भारत से नर्तक अपनी कलात्मकता दिखाने को एकजुट होते हैं।

अर्न्तराष्ट्रीय रेत कला महोत्सव(1से 5 दि0) सबसे अधिक उड़ीसा के पुरी  और चंद्रभागा के तटीय रेत पर कलाकार जटिल कलाकृतियाँ बनाते हैं। श्री क्षेत्र उत्सव, पुरी की परंपराओं को जीवित करती रेत की कला है।

गलदान नामचोट( 7 दिसम्बर) लेह लद्दाख में महान विद्वान त्योंगखापा का जश्न मनाते हुए रंगीन दीपक से सर्दी के अंधेरे को रोशन करते हैं।

कोचीन कार्निवल(12 दि0 से 1 जनवरी) केरल के शहर में दस दिवसीय उत्सव है जिसमें संस्कृति और मनोरंजन का अनूठा मेल देखने को मिलता है। मसलन संगीत, रंगारंग जुलूस, पोशाकें, मुखौटे लगाए पर्यटक और स्थानीय लोग घूमते हैं।  

हॉर्नबिल उत्सव(1 से 10 दिसम्बर) नागालैंड की 60 प्रतिशत से अधिक आबादी कृषि पर निर्भर है तो ज़ाहिर है त्यौहार भी खेती के आसपास ही घूमते हैं। पर हॉर्नबिल उत्सव! ये हॉर्निबल पक्षी के नाम पर है जिसके पंख सिर पर लगाते हैं। धार्मिक अनुष्ठान किए जाते हैं। बहादुर नायकों की प्रशंसा के गीत गाए जाते हैं। तरह तरह के पकवान, लोकनृत्य और कहानियाँ इस त्योहार का हिस्सा हैं। इस उत्सव पर नागा संस्कृति देखने के लिए देश विदेश से पर्यटक आते हैं। 

कार्थिगाई दीपम(6दिसम्बर) हिन्दु तमिलों, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और श्रीलंका में इस रोशनी के त्यौहार को कार्तिगई पूर्णिमा कहा जाता है। केरल में इस त्यौहार को त्रिकार्तिका के नाम से जाना जाता है जो देवी कार्तियेनी(चोटनिककारा अम्मा) भगवती के स्वागत के लिए मनाया जाता है। शेष भारत में, कार्तिक पूणर््िामा अलग तारीख में मनाया जाता है। तमिलनाडु के नीलगिरी जिले में ’लक्षभा’ के नाम से मनाया जाता है। आंध्र प्रदेश तेलंगाना के घरों में कार्तिक मासालु(माह) को बहुत शुभ माना जाता है। स्वामीनारायण संप्रदाय भी इस त्यौहार को बहुत उत्साह से मनाता है।

चेन्नई नृत्य एवं संगीत समारोह मध्य दिसम्बर से एक महीने तक चलने वाला उत्सव है। दक्षिण भारत की समृद्ध सांस्कृतिक असाधारणता का अनुभव करने देश विदेश से संगीत प्रेमी दर्शक, संगीतकार और कलाकार यहाँ आते हैं।

विवाह पंचमी(17 दि0) नौलखा मंदिर जनकपुर नेपाल में श्रीराम जानकी विवाह के वर्षगाँठ की तैयारी देख रही थी और विदाई के गीत नेपाली में थे। मैं वहाँ खड़ी महिलाओं से अर्थ पूछती जा रही थी। एक महिला ने बताया कि यहाँ के रिवाज बिहार और मिथिलंाचल से मिलते हैं। फिर भरे हुए गले से बोली,’’जानकी विवाह के बाद कभी मायके नहीं आईं। हमारी जानकी ने बड़ा कष्ट पाया इसलिये कुछ लोग आज भी बेटी की जन्मपत्री नहीं बनवाते। न ही उस मर्हूत में बेटी की शादी करते हैं।’’ पर जानकी राम की विवाह वर्षगांठ को बहुत हर्ष उल्लास से मनाते हैं। और कहते हैं भारत से तो हमारा रोटी बेटी का रिश्ता है।

स्थानीय श्रद्धालुओं से बतियाती मैं विवाह मंडप की ओर चल दी। नेपाल में जनकपुर प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है। यह प्राचीन काल में मिथिला की राजधानी माना जाता है। यहां के राजा जनक थे। जो सीता जी के पिता जी थे। यह भगवान राम की ससुराल के नाम से विख्यात है। यहां की भाषा मैथिली, हिन्दी और नेपाली है। यहां पर अयोध्या से बारात आई थी और राम जी और जानकी का विवाह माघ शीर्ष शुक्ल पंचमी को जनकपुरी में संपन्न हुआ था। परिसर के भीतर ही राम जानकी विवाह मंडप है। मंडप के खंभों और दूसरी जगहों को मिलाकर कुल 108 प्रतिमाएं हैं। जानकी मंदिर से सटे राम जानकी विवाह मंडप के चारों ओर छोटे छोटे ’कोहबर’ हैं जिनमें सीता राम, माण्डवी भरत, उर्मिला लक्ष्मण एवं श्रुतिकीर्ति शत्रुघ्न की मूर्तियां हैं। मंदिर पगोड़ा शैली में बना हुआ है। यहाँ आकर बैठना मुझे अच्छा लगता है क्योंकि यहाँ उस समय ग्रामीणों द्वारा गाए जाने वाले विवाह गीत उसी युग में पहुँचा देते हैं।

छाऊ, झूमर उत्सव(20 से 22 दिसम्बर ) प्रेम, विजय और साहस की कहानियों को जीवंत वेशभूषा में नर्तक लयबद्ध नृत्य से दर्शाता है।  

गीता जयंती(22 दिसम्बर) का उत्सव, मार्गशीष महीने के शुक्ल पक्ष की एकदशी तिथि को मनाया जाता है। अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव पर कुरुक्षेत्र में ब्रह्म सरोवर के आस पास 300 से अधिक राष्ट्रीय स्टॉल लगाते हैं। यहाँ के 75 तीर्थों पर इस दौरान गीता पूजन, गीता यज्ञ, अंतरराष्ट्रीय गीता सेमिनार, गीता पाठ, वैश्विक गीता पाठ, संत सम्मेलन आदि मुख्य कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। तीर्थयात्री कुरुक्षेत्र की 48 कोस परिक्रमा करके गीता महोत्सव मनाते हैं। गीता पढ़ना, घर में रखना हमारे यहाँ परंपरा है। 18 अध्यायों और 700 श्लोकों में चारों वेदों का संक्षिप्त ज्ञान है। गीता जयंती के दिन श्रीमदभागवत गीता के अलावा भगवान श्री कृष्ण और वेद व्यास की भी पूजा की जाती है। 

  पौराणिक कथा के अनुसार श्री कृष्ण ने कुरुक्षेत्र में गीता का ज्ञान दिया था। ऐसी भी मान्यता है कि यही ज्योतिसर तीर्थ वह पावन धरती है, जहां भगवान कृष्ण ने अर्जुन को गीता रुपी अमृतपान कराया था। यहां एक प्राचीन सरोवर और एक पवित्र अक्षय वट है जो भगवान श्रीकृष्ण के गीता उपदेश का एकमात्र साक्षी माना जाता है। ऐसा कहा जाता है कि इस एकादशी से मोह का नाश होता है और मोक्ष की प्राप्ति होती है इसलिए इसे मोक्षदा एकादशी कहते हैं।

पौष मेला(24-26 दिसम्बर) शांतिनिकेतन, पश्चिम बंगाल, इसमें बाउल, छाऊ सहित पारंपरिक लोक नृत्यों में भाग ले सकते हैं। रंगारंग और लयबद्ध प्रर्दशन उत्सव का मुख्य आर्कषण है। 

दत्तात्रेय जयंती(26 दिसम्बर) त्रिगुण स्वरुप यानि ब्रह्मा, विष्णु और शिव तीनों का सम्मलित स्वरुप, इसके अलावा भगवान दत्तात्रेय जी को गुरु के रूप में पूजनीय, की जयती मनाई जाती है। भगवान दत्तात्रेय, महर्षि अत्रि और उनकी सहधर्मिणी अनुसूया के पुत्र थे। इनके पिता महर्षि अत्रि सप्तऋषियों में से एक हैं और माता अनुसूया को सतीत्व के रूप में जाना जाता है। राजा कार्तीवीर्य अर्जुन सहस्त्रबाहु भगवान दत्तात्रेय के अनन्य भक्तों में से एक हैं। ऐसी मान्यता है कि दत्तात्रेय नित्य सुबह काशी में गंगाजी में स्नान करते थे। इसी कारण काशी के मणिकर्णिका घाट की दत्त पादुका, दत्त भक्तों के लिए पूजनीय स्थान है। इसके अलावा मुख्य पादुका स्थान कर्नाटक के बेेलगाम में स्थित है। देशभर में दत्तात्रेय को गुरु के रूप मानकर इनकी पादुका को नमन किया जाता है। भगवान दत्त के नाम पर दत्त संप्रदाय का उदय हुआ। नरसिंहवाडी दत्ता भक्तों की राजधानी के लिए जाना जाता है। कृष्णा और पंचगंगा नदियों के पवित्र संगम पर स्थित, महाराष्ट्रीयन इतिहास के प्रसंगों में इसका व्यापक महत्व है। दक्षिण भारत सहित पूरे देश में इनके अनेक प्रसिद्ध मंदिर हैं। राजस्थान के माउंट आबू के अरबुदा पहाड़ों की 1722 मी. की गुरु शिखर चोटी पर बना भगवान दत्तात्रेय का मंदिर है। 

रणथंभौर संगीत और वन्यजीव महोत्सव(27 से 29) राष्ट्रीय उद्यान के हरे भरे जंगल की पृष्ठभूमि में स्ंागीत समारोह का आयोजन होता है। 

पेरुमथिट्टा थरवड विरासत गृह समारोह-  केरल की विरासत घरों की वास्तुकला और जीवनशैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम की झलकियाँ देखने के लिए दिसम्बर में आयोजित समारोह में शामिल होना होगा।

पंचमढ़ी उत्सव(25 दि0 से 31 दि0) भारत का सबसे लोकप्रिय प्रकृति की प्रचुरता का आनन्द उत्सव है। संगीत, नृत्य प्रर्दशन, साहसिक गतिविधियाँ, प्रर्दशनियाँ यहाँ की समृद्ध विरासत को दर्शाती हैं।

मामल्लापुरम नृत्य महोत्सव(25 दि0 से 15 जनवरी) महाबलीपुरम में प्रसिद्ध शास्त्रीय नर्तक भारतनाटयम, कथक, कुचिपुड़ी आदि नृत्य शैलियों का शानदार प्रदर्शन करते हैं। ममल्लपुरम डांस फेस्टिवल(चेन्नई) खुले आकाश के नीचे, नृत्य संगीत, शास्त्रीय और लोक नृत्य, का उत्सव है।

विष्णुपुर महोत्सव(27 दि0 से 31 दिसम्बर) मदनमोहन मंदिर विष्णुपुर के आसपास आयोजित यह महोत्सव हस्तशिल्प, रेशम साड़ी, कपड़ो और मिठाइयों के लिए मशहूर है। शास्त्रीय संगीत के घराने, विष्णुपुर घराने के लिए भी बहुत प्रसिद्ध है।

दिसबंर में आयोजित उत्सव सनबर्न फेस्टिवल ( 28 से 31 दिसम्बर,गोवा)  इलैक्ट्रॉनिक संगीत नृत्य उत्सव है। भारत में आयोजित यह महोत्सव दुनिया का सबसे बड़ा तीसरा नृत्य महोत्सव बन गया है।

संगीत प्रेमियों के लिए, माउंट आबू विंटर फैस्टिवल (29 से 31 दि0 राजस्थान) यहाँ लोकनृत्य, संगीत घूमर, गैर और धाप, डांडिया, शामें कव्वाली का आनन्द लिया जाता है।

रण उत्सव(26 दि0 से 20 फरवरी, गुजरात) रेगिस्तान में सांस्कृतिक कार्यक्रम गरबा लोक संस्कृति, हस्तशिल्प और गुजराती व्यंजन आदि के लिए प्रसिद्ध है। 

 संकष्टी चर्तुथी(28 दिसम्बर) दादी हमेशा किसी भी उत्सव की पूजा करते समय परिवार को बिठा कर उसकी बड़ी रोचक कथा सुनाती थी। गणेश चतुर्थी जिसे वह सकट बोलती थी। उसमें गणेश जी की चार कथाएं एक साथ सुनाती और हर कथा के बाद एक तिल का लड्डू देती। कड़ाके की ठंड में हम चारों लड्डू खा जाते थे। 

हिमाचल हिल्स फैस्टिवल(30 से 31 दिसम्बर) कड़ाके की ठंड में बोनफायर के चारों ओर मनाया जाने वाला संगीतमय उत्सव है। 

अब 94 वर्षीय अम्मा, दादी की तरह त्योहार की कथा सुनातीं हैं। हमेशा हमें 31 दिसम्बर को कहतीं हैं कि हमारा नया साल तो चैत्र प्रतिप्रदा को होता हैं, तब सबको नए साल की बधाई देना। अब अम्मा की बात तो माननी है न। यही मौसम के अनुसार हमारे उत्सवों की मिठास और परम्परा है।

नीलम भागी

जर्नलिस्ट, लेखिका, ब्लॉगर, ट्रैवलर

प्रेरणा शोध संस्थान से प्रकाशित प्रेरणा विचार Prerna Vichar के दिसंबर अंक में यह लेख प्रकाशित हुआ है।