Search This Blog

Tuesday 24 December 2019

हंसते ही न आ जाएं कहीं, आंखों में आंसू हाय! मेरी इज्जत का रखवाला भाग -11 Hai Mere Izzat Ka Rakhwala Part 11 Neelam Bhagi नीलम भागी


सुबह चांदनी पहले आराधना के घर नाश्ता बनाती थी। फिर कुमार के यहाँ। दोनो घर एक ही फ्लोर पर आमने सामने थे। आराधना का कॉलिज दूर था। मिसेज कुमार का स्कूल घर के पास था। उसे जल्दी कॉलेज निकलना होता था। आज छुट्टी थी, दोनो परिवारों ने चांदनी को कह रक्खा था कि छुट्टी के दिन वह नौ बजे आया करे। जैसे ही आराधना ने चांदनी को दरवाजा खोला, वो चांदनी को घूरने लगी क्योंकि चांदनी राम राम दीदी कहते हुए हंसी नहीं। चुपचाप रसोई में काम करने लगी। आराधना ने उसे कहा,’’चांदनी छोले भीगे हुए हैं। मि. मिसेज. कुमार और तूं यहीं नाश्ता करोगे, भटूरे बनेंगे। चांदनी ने मरी हुई आवाज में जवाब दिया, "जी दीदी।" दोनो अपने कामों में लग गई। नाश्ता तैयार होते ही वे भी आ गये। चारों ने नाश्ता किया फिर चांदनी ने भी किया। आज दोनो परिवारों ने बाहर जाना था। इसलिए लंच बनाने को मना कर दिया। उन्हें देर न हो जाए, इसलिए अब  सरोजा के उनके काम भी चांदनी करने लग गई। मशीन से कपड़े निकाल कर फैलाना, सूखे कपड़े तह लगाना। झाडू खटका, डस्टिंग आदि। कुमार के घर का जब वह काम करने गई तो आराधना ने मिसेज कुमार से कहा कि आज चांदनी को पता नहीं क्या हो गया है? आपको भी ऐसा लग रहा है। मिसेज कुमार ने जवाब दिया,’’ मैं समझी कि आपने इसके गुमसुम होने का कारण पूछ लिया होगा और मुझे बता दोगी।’’ये सुनते ही आराधना तो उसी समय चांदनी के पास गई, उससे पूछा,’’तेरे साथ क्या हुआ है?’’ बड़ी मुश्किल से उसने मुंह खोला। उसने बताया कि रेडियो में परशोतम की पसंद का गाना आ रहा था। अचानक मोनू टोनू लड़ पड़े। ये बोले," इन्हें बाहर ले जाकर चुप करा"। मेरे आटे में हाथ थे। हाथ धोने में तो समय लगता है न। बस उन्हे गुस्सा आ गया। सुनते ही आराधना तो उसी पर आग बबूला होने लगी। बेमतलब उसने मारा क्यूं? गलती भी होती तो भी मारने का क्या मतलब? तेरे हाथ टूटे थे, डण्डी छीन कर उसे दो मारती तो पता चलता कैसे दर्द होता है? सरोजा कहां थी? उसने कहा कि वह छत पर कपड़े फैलाने गई थी। उसी ने तो आकर मुझे बचवाया। मिसेज कुमार ने कहा कि तूं उससे दूर भाग जाती वो तुझे भाग कर तो मार नहीं सकता था। अपना कमाती है, अपना खाती है। मार मत खाया कर। दोनों ने अपने घरों से दर्द निवारक लगाने की उसे दवा दी। पिटाई काण्ड पर सरोजा ने विचार किया और यह निर्ष्कष निकाला कि मोनू, टोनू के कारण ये सब हुआ है। सड़क पार, चार अंदर के प्लॉट पर एक नया स्कूल खुला था। टोनू तो अभी छोटा था। सरोजा ने मोनू टोनू दोनों का वहां नाम लिखवा दिया। उसको बच्चे संभलवाने थे और उन पढ़े लिखों को बच्चे चाहिए थे। बच्चे आठ बजे जाते थे और एक बजे आते थे। आकर खाना खाकर सो जाते थे। सरोजा ही उन्हें लेने जाती थी और छोड़ने जाती थी। टोनू मोनू के गले में टाई देख कर उसे बहुत खुशी मिलती थी। उस कॉलौनी में पानी बिजली का बिल नाम मात्र का था। बचत के लिए प्रवासी नौकरी वाले किराए पर रहते थे। छुट्टी के दिन सरोजा किसी को भी पकड़ लेती थी। उनको मोनू टोनू का टैस्ट लेने को कहती थी। जाहिर है मोनू टोनू को कुछ नहीं लिखना पढ़ना आता था। सरोजा उनसे पूछती,’’तुम कित्ता पढ़े हो? वो बताते बी.ए.। फिर उनकी बी.ए. की फीस पूछती। जो मोनू टोनू की फीस से बहुत कम होती थी। मोनू टोनू को डांटती,’’ तुम स्कूल में क्या सीख कर आते हो?’’वो पोयम सुना देते और जो जो प्री स्कूल में सिखाया जाता सब सुनाते पर सरोजा को सब्र नहीं था। अगले दिन वह स्कूल में जाकर शिकायत करती कि तुम फीस तो बी.ए. से ज्यादा लेते हो और बच्चों को पहली की किताब पढ़नी भी नहीं आती। क्रमशः       

Sunday 22 December 2019

रूठे सैंया, हमारे संग क्यों रूठे? हाय! मेरी इज्जत का रखवाला भाग 10 Hai Mere Izzat Ka Rakhwala Part 10 Neelam Bhagi नीलम भागी


चालीस दिन बाद चांदनी खाना बनाने गई। उसके लौटने पर सरोजा काम करने गई। मोनू  को परशोतम की गोद में देकर चांदनी घर के काम निपटाती। परशोतम की शादी के बाद सरोजा गांव ही नहीं गई थी। इसलिये छुट्टी बहुत जरुरत पड़ने पर ही लेती थी। इस कारण मैडम लोग भी खुश रहतीं थी। चांदनी  फिर हामिला हो गई। सुन कर सरोजा बहुत खुश हुई। उसके अनुसार अब परशोतम का घर मजबूती से बस गया। सरोजा ने चांदनी को समझाया कि जल्दी ही दूसरे बच्चे का पेट में आना बहुत अच्छा हुआ है। दोनो बालक साथ साथ पल जायेंगे। चांदनी को भी सास की बात ठीक लगी। वो वैसे भी आज्ञा पालन ही करती थी। बाहर का काम, घर का काम और मोनू को संभालना सब काम, वह गाना सुनते हुए ही करती थी। क्योंकि परशोतम घर में है तो रेडियो बंद नहीं हो सकता। चांदनी के काम की गति गाने की धुन के अनुसार होती थी। मसलन फास्ट म्यूजिक पर उसके हाथ तेज चलते और स्लो पर धीरे चलते थे। लेकिन दिन में एक बार परशोतम काने के खोखे पर जरुर जाता था। वह उसे बैठने को स्टूल देता था। जब उसका मन करता, तब घर लौटता। इस समय चांदनी परशोतम के बारे में सोचती। उसकी अंगुलियां ही आंखों का काम करती थीं। रुपए पैसे की सब उसे पहचान थी। अपनी पसंद की दो  सब्जी वह रोज खरीदता था। सुबह और दोपहर कौन सी बनेगी और रात को कौन सी दाल बनेगी, वो ही बताता था। एक दिन चांदनी ने उससे पूछे बिना सब्जी बना दी। परशोतम तो रुठ गया। उसने खाना नहीं खाया। न मां ने खाया। बेटा भूखा रहे तो मां के गले से भला कौर उतरता है! न न। चांदनी तो कैसे खा सकती थी? वो तो खाती ही पति और सास के बाद थी। किसी ने नहीं सोचा कि इसकी गोदी में बच्चा है जो दूध मां का दूध पीता है और यह फिर गर्भवती हुई है।  थोड़ी थोड़ी देर के बाद  क्रोधित होकर, परशोतम खड़ा हो हो कर बोलता,’’ठीक करके रख दूंगा। मुझे ऐसा वैसा आदमी मत समझना।’’ सरोजा के कहने पर चांदनी ने उसके पांव पकड़ कर माफी मांगी फिर भी मां के समझाने पर बड़ी मुश्किल से परशोतम का गुस्सा उतरा और उसने अनशन खत्म किया। आराधना और मिसेज कुमार दोनो ने आपस में सलाह की कि अगर चांदनी के फिर लाल पैदा हुआ, तो ये लोग तो चांदनी को लालों की खान बना देंगे। इन लोगों को लड़कों का बहुत क्रेज़ रहता है। लड़के ही पैदा करवाते रहेंगे। उन्होंने सरोजा को समझाया कि चांदनी के दूसरे बच्चे के बाद परशोतम का अपरेशन करवा देना क्योंकि अंग्रेजी स्कूल में बच्चे पढ़ाने का खर्चा बहुत है। पर सरोजा डिलीवरी के साथ ही चांदनी का ऑपरेशन करवाने को राजी हो गई। सरोजा के दूसरा भी पोता हुआ। उसका नाम टोनू रक्खा। कपड़ा सुखाने में दिक्कत का कह कर सरोजा ने काने से छत खाली करवा ली। बाकि तीनो किरायेदार तो पत्नियों वाले थे। काने ने छत खाली कर दी,वहीं एक कमरा किराए पर  ले लिया  लेकिन परशोतम और उसकी दोस्ती में कोई कमी नहीं आयी। पीछे वाले घरों में पत्नी को पिटने की परंपरा थी। उनका कहना था कि औरत पैर की जूती होती है, जिसकी मरम्मत होती रहती है। और बड़े बूढ़े बुढ़ियों को चलते फिरते बेमतलब उपदेश देने की आदत थी। एक दिन परशोतम ने किसी बात से नाराज होकर चांदनी की पिटाई करनी शुरु की। चांदनी चुपचाप मार खाती रही। मोनू के चीख चीख कर रोने पर सरोजा दौडी़। देखती क्या है कि वह रुई की तरह उस पर डण्डा बरसा रहा था। सरोजा मदद के लिए चिल्लाने लगी। पड़ोसियों ने आकर छुड़ाया। मर्द लोग कहने लगे ,’’इस तरह भी लुगाई को कोई पीटता है। हम भी मारते हैं पर इसने तो हद ही कर दी।’ इनमें से ही कुछ घटिया औरते बोल रहीं थीं,’’ आदमी है, गुस्सा आयेगा तो पीटेगा ही।’’ चांदनी को अकेली देख कर कुछ भली औरतों ने समझाया कि जब आदमी पीटने को आये तो जोर जोर से रो रो कर चिल्लाओ ’अरी, मैया री मार डाला री।’ पड़ोसी आ जाते हैं बचाने। ऐसे चुपचाप मार नहीं खाते
क्रमशः                       

Thursday 19 December 2019

जहां भी देखी अच्छी सूरत , दिल उसका खो गया वहीं... हाय! मेरी इज्जत का रखवाला भाग Hai Mere Izzat Ka Rakhwala Part 9 Neelam Bhagi 9 नीलम भागी


दोनो मिल कर काम करतीं थी इसलिए जल्दी घर लौट आतीं थीं। पहले परशोतम मां के आने तक घर के सब काम करके रखता था। अब घर वैसा ही मिला जैसा वे छोड़ कर गईं थीं। सरोजा को ये देख कर बड़ी खुशी मिली कि उसका लाडला जोरु का गुलाम नहीं है। चांदनी आते ही घर के काम में लग गई।  गर्म खाना खिला कर खाया। यहां उसे दोपहर को भी आराम करने को मिलता था, जिसकी उसे आदत नहीं थी। सरोजा, मैडम लोगों के घरों में देख कर तरह तरह के खाने बनाने सीख गई थी। वह चांदनी को भी सिखाती थी। सीखने की शौकीन चांदनी सब बहुत स्वाद बनाती थी। सरोजा चाहती थी कि नया काम चांदनी खाना बनाने का ही ले। खाना बनाने वाली दो ही समय आती थीं, चाहे लंच डिनर बनवालो, या डिनर ब्रेकफास्ट या  ब्रेकफास्ट लंच। आराधना और मि.कुमार दोनो परिवारों ने बच्चों के बाहर जाने पर सरोजा से कहा कि कोई खाना बनाने वाली भेजे। सरोजा ने कहा कि चांदनी बना देगी पर वह शाम  को नहीं आयेगी। उन्होंने कहा कि सुबह हमें ब्रेकफास्ट करवा दे और लंच बना कर रख जाये। सरोजा बहुत खुश थी कि  उसके साथ ही आयेगी और साथ ही जायेगी। खाने में पैसा भी ज्यादा मिलता है और मेहनत भी कम है। चांदनी को सुबह नहा कर, और साफ कपड़ो में आना पड़ता था और वह आती भी थी। उनके अच्छे दिन चल रहे थे। चांदनी को गर्भ ठहर गया। सरोजा बहुत खुश थी कि अब बेटे का घर बस गया। सास टोली उसके आस पास अपनी बच्चा जनने की कथा सुनाती, सभी के अनुभवों का एक ही परिणाम होता था कि उनके जब दिन चढ़े थे तो उन्होंने खूब काम किया था इसलिये उनको बच्चा पैदा करने में जरा भी तकलीफ़ नहीं हुई। मैडम लोग इन दिनो आराम करती हैं, बिस्तर  पर पड़ी रहतीं हैं। इसलिए डाक्टर उनका पेट चीर कर बच्चा निकालता है। अब चांदनी फुदक फुदक कर काम करती थी। सब उसके आस पास अच्छी बातें करतीं थी। मसलन सरोजा ने, पहले नाक सुनका, पल्लू से आंखें पोंची फिर गला भर कर, चांदनी को सुना कर, सखियों से बोली,’’ बहन तुमसे तो कुछ छिपा नहीं है। बंसी की आदत थी जहां भी कोई अच्छी सूरत देखी, उसका दिल वहीं  खो जाता था। चांदनी सबके लिये हलवा तो बना बेटी।’’ संतोषी बोली,’’हमारा परशोतम तो देख ही न सकें इसे तो कोई अपसरा भी क्या रिझायेगी!’’सब कोरस में बोलीं,’’ इसके दिल की रानी तो चांदनी ही रहेगी।’’ हलवा पार्टी करके, अपने आंखों वाले पतियों की दिल फेक अदाओं का वर्णन करके, सबने कहा कि चांदनी के तो बेटा होगा और सब अपने अपने घर चल दी। आराधना ने डांट डपट कर प्रसव के लिए उसका सरकारी अस्पताल में नाम लिखवाया। बस राजरानी थी जो हर महीने मुझे ये कहने से बाज नहीं आती थी कि सरोजा को समझाओ ये प्लॉट बेच दें। मैं भी अच्छा कहती। सरोजा ने डिलीवरी के समय बदले में काम करने के लिए कामवालियां भी तैयार कर रक्खीं थीं जो बाद में उसको उसका काम उसे लौटा देंगीं। समय पर चांदनी ने बड़े मोहने से बेटे को अस्पताल में जन्म दिया। उसका नाम मोनू रक्खा। सरोजा ने चांदनी को खूब घी, हरिरा, अछौनी खिलाया। साथ ही भगवान का शुक्रिया अदा करती कि उसने उसे स्वस्थ, सुन्दर, फायदेमंद बहू दी हैं। जिसने उसे पोता दिया है। बच्चे के दश्टोन(नामकरण ) तक सोहर, जच्चा गवाये। जो रोज सुन सुनकर राजरानी को सब याद हो गये। दश्टोन पर चांदनी के मां बाप नाती से मिलने आये। सरोजा ने खुशी से उन्हें गांव के घर की चाबी दे दी। साथ ही कहा कि अब तुम कच्चे मकान में मत रहना। मोनू के नाना अब उस पक्के घर में रहेंगे। सास की इस हरकत पर चांदनी की खुशी से आंखें गीली हो गईं। वे बेटी के सिर पर प्यार से हाथ फेर कर चले गये। काना उन्हें बस में बिठाने गया था। सबके जाने पर चांदनी परशोतम के चेहरे की प्रतिक्रिया देख रही थी।  जो पूरी तन्मयता से रेडिया के साथ सुर मिला कर गा रहा था ’कभी किसी को मुक्कमल जहां नहीं मिलता।’
क्रमशः

Tuesday 17 December 2019

वक्त के सितम कम हंसीं नहीं, हाय! मेरी इज्जत का रखवाला भाग Hai Mere Izzat Ka Rakhwala Part 8 Neelam Bhagi 8 नीलम भागी


सजी संवरी चांदनी को देख कर सरोजा को थोड़ा भगवान पर भी मन में गिला आया कि वह परशोतम की  एक आंख तो ठीक देता। देख कर वो हैरान हो जाता कि उसकी मां उसके लिए चांद सी दुल्हिन लाई है। फिर एक लम्बी सांस छोड़ कर मन ही मन बोली,’’जोड़ी तो भगवान बनाता है। चांदनी के नसीब में परशोतम ही लिखा था और मेरे जैसी अच्छी सास लिखी थी।’’ सरोजा ने चांदनी को अपने झोले में से निकाल कर टूथब्रश दिया। और समझाया कि अब अंगुली से दांत मत मांजियों, इससे मांजियों। ब्रश हाथ में लेते ही वह खिल गई। वो खाना बनाने लगीं। सरोजा नहाने लगी। जैसे ही वह नहा कर आई, चांदनी ने परशोतम और उसके आगे थाली परोसी और तवे से उतरती फूली फूली रोटियां उनकी थाली में रखती रही। मां बेटे के खाने के बाद सरोजा ने कहा,’’चांदनी अब तूं भी खा ले गरम गरम। हम परशोतम की दादी की तरह नहीं हैं। वो क्या करे थी, आप खा के जरा सी सब्ज़ी हमारे को देती। जिस दिन सब्जी नहीं बचती तब कहती,’’अपने आप खाना ले लो।’’ हम नमक प्याज हरी मिर्च से रोटी खा लेवें थे। बहू तूं खूब जी भर के खा। ’हम अपनी सास की तरह न हैं।’ सास की हर दरियादिली के साथ उसको स्वर्गीय दादी सास का परिचय अच्छी तरह हो गया था। वो अपनी सास और पति की जी जान से सेवा करती थी। खाकर सोकर जब सरोजा मौहल्लेदारी करने जाती तो उसकी हम उम्र सखियां पहला प्रश्न पूछतीं,’’चांदनी क्या कर रही है?’’वो कहती,’’ परशोतम के पास बैठी है।’’ वो समझातीं ऐसे तो सबकी बहुएं बिगड़ जायेंगी। ख़सम के पास बैठने को रात क्या कम होवे? वो कहेंगी हम भी अपने घरवाले के पास बैठेंगी। घर का काम ही कित्ता है। कल को बाल बच्चे होंगे। उनको अंग्रेजी स्कूल में पढ़ाना, ट्यूशन लगाना कित्ता खर्चा!! बुढ़ापे में क्या तूं ही खटती रहेगी? सुनकर सरोजा परेशान हो जाती। इन महिलाओं का, आपस में बिना कहे एक समझौता था कि तूं मेरी को कह, मैं तेरी को कहूं। सरोजा काम पर गई। चांदनी काम निपटा कर परशोतम को समझती रहती थी कि ये बिना किसी की मदद के अपने सब काम खुद कैसे करता है! कई बार वह ऑंखें बंद करके, घर में चलने की कोशिश करती, तो चीजों से टकरा जाती थी। वह परशोतम पर बहुत हैरान होती थी। सोच सोच कर कई बार वह परेशान हो जाती थी। ऐसे में एक दिन सास की सहेली संतोषी उससे बालों में से जूएं बिनवाने आ गई। उसने सरोजा की स्तुति सुनाई की, बड़ा परिवार था बाहर का काम भी करती थी। घर का भी करती थी। सास की खूब सेवा की, उसकी असीस से भाग जागें हैं। जो तेरे जैसी लक्ष्मी बहू मिली है। वो तो चली गई। चांदनी सोचने लगी वो कैसी बहू है! सास बुढ़ापे में भी कमा रही है और वह राज कर रही है।  चांदनी ने भी निश्चय कर लिया। रात को जब सास के पांव दबाने लगी तो उसने सरोजा से कहा,’’अम्मा तुम अपनी मदद को हमें काहे नहीं साथ ले जातीं, हम दिन भर खाली ही तो रहती हैं। यही तो सरोजा चाहती थी। सुबह की तैयारी सरोजा ने रात को ही कर ली थी। दोपहर में जो सब्जी बनानी थी उसे काट कर रात को ही फ्रिज में रख दिया था। सुबह नाश्ता करवा कर और करके वो अपनी सास के साथ काम पर चल दी। रास्ते में सास ने समझाया कि किसी की कितनी भी कीमती चीज हो, उसे नहीं छूना है। मालकिन को दीदी कहना है। साहब को भइया। साहब की तरफ नहीं देखना है। क्रमशः               


Monday 16 December 2019

बोटेनिक गार्डन ऑफ इण्डिया रिपब्लिक नौएडा Botanic Garden Of India Republic Noida Neelam Bhagi नीलम भागी




पहली बार 12 मई 2018 को सायं 6 बजे यहां एक कार्यक्रम में मैं यहां आई थी। जब तक अंधेरा नहीं हुआ था, तब तक मैं यहां घूमती रही थी क्योंकि यह मेरी मनपसंद जगह जो थी। फिर थक कर प्रोग्राम में बैठ गई। बी.एस.सी. में मेरे पास बॉटनी सब्जैक्ट था। कॉलिज में बॉटनी डिर्पाटमैंट का गार्डन था। उसकी और र्चाट की मदद से हम पढ़ते थे। तब एक ही उद्देश्य होता था कि अच्छी परसेन्टेज लेना। जिसके लिए सलेबस रटते थे और एग्जाम में जाकर उगल आते थे। कार्यक्रम बोटेनिक गार्डन ऑफ इण्डिया रिपब्लिक के बारे में ही था। तभी मैंने सोच लिया था कि मैं कम से कम एक साल बाद यहां आउंगी। यहां आना जरा भी मुश्किल नहीं है। मैट्रो स्टेशन, पब्लिक ट्रांसर्पोट सब एकदम बढ़िया और पास में। सुबह 9से 5 सोमवार से शुक्रवार आप आ सकते हैं। प्रवेश निशुल्क है। तब में और अब में बहुत बदलाव देखकर लगा। यह 160 एकड़ में फैला है। 7500 किस्म की वनस्पतियां हैं। बिल्कुल व्यवस्थित है। इनको दस सेक्शन में बांटा गया है। उसको भी आगे वार्ड में बांटा गया है। जैसे अयूर सेक्शन हैं उसमें भी बॉडी सिस्टम के अनुसार, मसलन पाचन तंत्र, रक्तसंचार, मस्कुलर सिस्टम,चर्मरोग के उपचार की औषधिय वनस्पितियां हैं सभी पौधे सटीक लेबल किए हुए हैं, साथ ही उनके वनस्पतिं नाम भी हैं। भारत का एक बड़ा नक्शा 68 फीट × 61.4 फीट का जिसमें हर राज्य का पौधा है। कैक्टस हाउस, ग्रीन हाउस, ग्लास हाउस, गुलाब वाटिका,चं का पौधा,आर्थिक महत्व के पौधे, जलीय पौधे आदि सब।  यहां आना अपने आपमें में एक अलग सा अनुभव है। क्योंकि इस विशाल बाग में पर्यटन के साथ खुली हवा, ताज़गी में वनस्पतियों को जानना शामिल है। ं




















Thursday 12 December 2019

हर कोई इंटैलीजैंट नहीं होता! राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल और ग्रीन पार्क नौएडा Rashtriye Dalit Prerna Sthal Noida Her Koi Intellegent nahi hota Neelam Bhagi नीलम भागी



हुआ यूं कि मैंने कल, ठान लिया था कि मैं राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल नौएडा देखने जरुर जाउंगी। पहली बार गर्मी के मौसम में हम शाम को गए थे, पार्किंग ढूंढ रहे थे जो वहां नहीं थी तो खोमचे वाले बोले,’’रोड पर र्पाक कर लो, यहां से कभी कोई गाड़ी नहीं उठी। फिर पता चला कि टिकट 11 बजे से शाम 5 बजे तक ही मिलते हैं। वापसी की। मेरे घर से कुल सात किमी. की दूरी है। बस यही सोच कर कि यहाँ तो मैं कभी भी आ जाउंगी। आज कल करते करते इतने दिन लग गए। कल जैसे ही 3 बजे घर से बाहर निकली सामने बस, ये सोच कर चढ़ गई कि आस पास पहुंच कर कोई और सवारी ले लूंगी। मैं सीट से उठ उठ कर बाहर देख रही थी कि कहां उतरुं! कडंक्टर ने मुुझसे पूछा,’’आपको कहां उतरना है?’’मैंने कहा,’’मुझे राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल जाना है, जहां से पास पड़ेगा वहां उतार देना। उन्होंने कहा कि आप तसल्ली से बैठ जाओ। मैं तसल्ली से बैठ गई। बॉटैनिकल गार्डन पर बस रुकी। उसने मुझे कहा कि उतर कर फुटओवर ब्रिज से अंदर जाकर 8 नम्बर बस ले लेना, वो उसके पास जाती है और ड्राइवर से बोलना,’’ बहन मायावती पार्क जाना है, वो मत बोलना जो आपने पहले बोला था| मैंने पूछा,"राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल|"उन्होंने  कहा," हाँ हाँ यही|" फिर समझाया  ,ऐसे कहना कि बहन मायावती पार्क जाना है, ये बोलने के साथ राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल भी बोल देना क्यूंकि हर कोई इंटैलीजैंट नहीं होता न।"उनको धन्यवाद देकर मैं उतर गई और उनकी बताई बस में चढ़ी, उसमें बच्चों के बड़े और भारी बैग और स्कूली बच्चे लेकर महिलाएं चढ़ीं। कण्डक्टर चिल्लाता रहा,’’ अरे पास ले लो।’’ किसी ने नहीं लिया डीटीसी की यात्रा जो मुफ्त है। मैंने कण्डक्टर से सब महिलाओं के पास लेकर, भीड़ में रास्ता बनाती, उन महिलाओं को पिंक स्लिप यानि पास पकड़ाती, ड्राइवर तक पहुंच कर उसे कहा,’’मुझे बहन मायावती पार्क के पास उतार देना।’’ उसने जवाब दिया,’’पहले बोलना था न, वो कट तो निकल गया।’’मैं स्टैण्ड पर उतरकर वापिस घर चल दी। इस बस के कण्डक्टर के बराबर मुझे सीट मिली। मैने उसे अपना सेक्टर बता कर वहां से "राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल, बहन मायावती पार्क"   का रास्ता पूछा,’’ उसने बस का नम्बर बता कर कहा कि फ्लाइओवर से पहले उतर कर ई रिक्शा ले लेना।’’ आज मैंने वैसा ही किया बस से उतरी कोई ई रिक्शा नहीं था। एक साइकिल रिक्शा दिखा। मैंने उसे चलने को कहा,’’उसने छूटते ही कहा कि बीस रुपये लूंगा। फुट ओवर ब्रिज पर उतार दूंगा, वहीं पार्क है पर टिकट पांच नम्बर गेट पर मिलती है। और उसने पूछा," क्या आज वहां कुछ है!" मैं बोली,’नहीं।’’ पास में ही ब्रिज था| उपर से ही पार्क बहुत ही सुन्दर लग रहा था। साफ फुटपाथ पर लाइन से छाया दार पेड़ लगे थे।


15रु की टिकट लेकर मैं अंदर गई। बिल्कुल साफ सुथरे फर्श, बहुत अच्छे से मेनटेन पार्क हैं। मैं देख रही थी, दर्शकों के साथ कर्मचारियों का व्यवहार बहुत अच्छा लगा।


 जो भी पूछो जवाब देते थे। विनोद कुमार बड़ी विनम्रता से दर्शकों को कहते कि वे म्यूजियम के अन्दर न जायें क्योंकि वहां रिपेयर चल रही है। सब सीढ़ियां चढ़ कर सामने से बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर जी, काशीराम जी और बहन मायावती जी की मूर्ति के साथ दूर से सेल्फी ले रहे थे।



 अभय सिंह से मैं प्रश्न करती जा रही थी, वे मेरे सभी प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। कुछ परिवार पिकनिक मनाने आये हुए थे। मैंने अभय सिंह से पूछा,’’  लोग गंदगी तो नहीं फैलाते।
उन्होंनेे जगह जगह रखे डस्टबिन दिखाये। 33 एकड़ में बना पार्क है। थक गई तो देखा, बैठने के लिए बहुत सुन्दर शेड बने हुए थे। 
बिना शेड के  भी आरामदायक बैंच लगे थे। एक आदमी बैग का तकिया बना कर शॉल ओड़ कर धूप में सो रहा था। प्लेटर्फाम पर 2 घंटे का टिकट 10 रुपये का है।

 यहाँ 15 रुपये में शांत, स्वच्छ हरे भरे स्थान में आप सपरिवार दिन भर समय बिता सकते हैं। अगर आप ने 5बजे तक टिकट ले ली तो भी आप 6 बजे तक घूम सकते हैं। सातों दिन आ सकते हैं।


 एक प्रश्न मेरे दिमाग में बार बार उठ रहा था कि इतनी खूबसूरत प्रेरणा स्थल में भीड़ क्यों नहीं है? ये प्रश्न लेकर, बाहर आकर मैं उसी रास्ते से वापिस पैदल चल रहीं हूं। चलते चलते  रजनीगंधा चौक और सबसे पास  सेेक्टर 16 का मैट्रो स्टेशन आ गया। भीड़ न होने का कारण भी मुझे समझ आ गया। कनैक्टिविटी न होना है।  अगर पैदल चल सकें तो  सेक्टर 16 मैट्रो स्टेशन पास है।   




Tuesday 10 December 2019

सजना है मुझे, सजना के लिए हाय! मेरी इज्जत का रखवाला भाग 7 Hai Mere Izzat Ka Rakhwala Part 7 Neelam Bhagi नीलम भागी



शादी की दावत निपट गई। सरोजा की जिंदगी में भी सुख के दिन आए। सरोजा को अब सास का पद नसीब हुआ। उसने चांदनी को बड़े प्यार से अपने पास बिठा कर गृहस्थी के नियम समझाते हुए कहा,’’मैं हमेशा अपनी सास से पहले सुबह उठती थी। सब को खिला कर, चौका समेट कर, बरतन घिस कर बैठती थी। जो सास देती, वह खाती थी। फिजूल खर्ची कभी न की, जभी तो इत्ती बड़ी बिल्डिंग बना ली। कभी सास के पांव दाबे बिना न सोई। पर मैं ऐसी न हूं। जब तुझे भूख लगे, तूं खा लियो। बस मेरे परशोतम को खुश रखियो।’’ सास के प्रवचन सुन कर चांदनी ने सिर झुका कर हामी भर दी। और उसके  पांव दाबने लगी। इतने में परशोतम ने चांदनी चांदनी का जाप शुरु का दिया। और सरोजा ने उसे सोने की परमीशन दे दी। चांदनी गर्दन झुकाए चल दी। सरोजा सोचने लगी कि उसका पति यदि उसकी सास के सामने ऐसे उसके लिए पुकार मचाता तो उसकी सास या ससुर उसे लट्ठ से पीटते। अब तो घोर कलयुग आ गया है। ये सोच कर वह सो गई, सुबह काम पर भी जाना है। मुंह अंधेरे चादंनी की नींद खुल गई। सास अभी सो ही रही थी।  पीछे कमरे में ये सो रहे थे। आगे रसोई, बाथरुम के सामने की जगह पर सरोजा सो रही थी। सास की नींद खराब न हो इसलिए वह उठ कर काम भी नहीं कर सकती थी। दोबारा नींद न लग जाये और वह सोती रह जाए, सास उसके पहले जाग गई, तो नियम का उलघंन हो जायेगा न। हंसना और रोना तो वह जन्म लेते ही सीख गई थी। पराये घर जाना है इसकी तैयारी उसकी मां ने उससे खूब काम लेकर करवा दी थी। अब जिंदगी को कैसे जीना है? ये उसे सीखना है। जैसे ही सरोजा उठने को हुई, चांदनी उसके पैरों के पास जाकर खड़ी थी। उसके बैठते ही उसने सास के पैर छू लिए और चाय नाश्ता बनाने लगी। जीवन में  पहली बार उसे नाश्ता परोसा गया था। नाश्ता करके सरोजा काम पर चली गई। खटर पटर और दो औरतों की बातों में भी परशोतम घोड़े बेच कर सोता ही रहा। परशोतम सो कर उठा। वह जो भी अपना काम करने लगता, चांदनी झटपट उसकी मदद को आती, वह गुस्से से उसका हाथ झटक देता। जब वह नहीं मानी तब उसने कठोर आवाज में कहा कि जब मैं मदद मांगूंगा तब देना। अब जब उसने नश्ता मांगा। तब उसने उसे गर्म गर्म उसे परोसा। घर के सब काम निपटा कर, नहा कर उसने दोपहर के खाने की तैयारी कर ली। सास आयेगी तो उसे गर्म रोटी खिलायेगी और ढूंढ ढूंढ के घर के काम निपटाने लगी। इतने में एक पड़ोसन सास की सहेली आई। पहले वह चांदनी को घूरने लगी, फिर घूरना स्थगित का बोली,’’क्यों री, हमारा छोरा अंधा है, तो इसका मतलब ये न है कि तूं सोक डाल के बैठी रहेगी। चल पहले श्रृंगार कर। सुहागिन है। कौन से शास्तर में लिखा है कि अंधे की लुगाई को श्रृंगार की मनाही है।" चांदनी जल्दी से सजने संवरने लगी, सास के आने से पहले ये सोच कर कि जब उसकी सहेली को इतना बुरा लगा है तो सास को कितना बुरा लगेगा उसका न सजना!! घर को सवारने में वह सुबह से ही जी जान से लगी हुई थी। अपने लिए उसने सोचा, वो सजे न सजे परशोतम को क्या र्फक पड़ेगा? पर यहां तो पति को छोड़, सबको पड़ने लगा  था। सरोजा तो घर में कदम रखते ही खिल गई। घर और बहू को सजा देख कर।  क्रमशः          

Friday 6 December 2019

दिल ने मेरे जो कहा, मैंने वैसा ही किया, हाय! मेरी इज्जत का रखवाला भाग 6 Hai Mere Izzat Ka Rakhwala Part 6 Neelam Bhagi नीलम भागी


सरोजा ने शादी तो गाँव में की थी क्योंकि बारात बांध कर सबको गांव तो वो नहीं ले जा सकती थी। उसका यहां व्यवहार बहुत था। कहीं न कहीं से उसे बुलावा रहता ही था, अब उसका बुलाने का समय आया है। परशोतम की शादी!! वो भी अर्पूव सुन्दरी से ये तो उसके मन की मुराद पूरी हुई थी। अपनी खुशी को वह सब में बांटना चाहती थी। उसने काने को आवाज लगाई। उस समय काने के खोखे पर गुटके, पान, पानमसाला और सिगरेट के ग्राहक थे। उसने भी वहीं से जवाब दिया,’’चाची ग्राहक निपटा कर आता हूँ।’’इस कालौनी में इस पीढ़ी के कुछ रिवाज थे। मसलन संबोधन में चाचा, काका, मौसी, भुआ, ताऊ आदि शब्दों से पुकारते थे। मामूली अपंग का नाम बचपन में उसके माँ बाप प्यार से बच्चे का जो मरज़ी रक्खें, पर  बड़े होने पर लोग नामकरण अपने आप अपंगता के अनुसार कर देते हैं। एक आँख खराब है तो काना, टाँग में कमी है तो लंगड़ा, मुंह पर चेचक के दाग हैं तो नाम है छेदी, छेदीलाल या छेदी राम। अगर कोई लड़का किसी लड़की को भगा कर ले जाता है और वो कुछ समय बाद लौट आते हैं और अपनी गृहस्थी बसा लेते हैं तो उस लड़की का नाम कुछ समय तक भगौड़ी रहता है। परशोतम  इस प्रकार के नामकरण से बचा हुआ था। काने का खोखा इनके घर से दिखाई देता था। काने ने इनकी छत किराये पर ले रक्खी थी। छत पर उसने तिरपाल और गत्तों से सोने और सामान रखने की जगह जगह बना रक्खी थी और अपने खोखे की रात में निगरानी भी कर लेता था। दिन में सरोजा के घर की और मौहल्ले की सूचनाएं इक्ट्ठी करके सरोजा को देता था। उसके खोखे पर हमेशा एक दो आवारा किस्म के लड़के खड़े रहते थे। उनका एक ही काम था, स्टाइल में रहना और ध्यान रखना कौन सी लड़की कितने घरों में काम करती है। उसमें से अपने लायक योग्य लड़की से इश्क कैसे लड़ाया जाये, इस पर विचार करना आदि। काने के आते ही सरोजा ने उसके आगे तश्तरी में दो लड्डू और पानी का गिलास रक्खा और चांदनी को बुला कर कहा,’’देख री, ये काना मेरे लिए बेटे से बढ़ कर है, इस नाते तेरा ये जेठ है। कोई भी काम रात के बारह बजे भी इसे कहती हूं। ये कभी जवाब नहीं देता।’’ वो तो पलक झपके बिना चांदनी को निहार रहा था। पता नहीं क्यों आज काने को अपने लिए चांदनी के सामने काना कहे जाना अच्छा नहीं लगा, उसका मुंह लटक गया। चांदनी निगाह और गर्दन दोनो नीची करके खड़ी रही। उसने काने की ओर आंख उठा कर भी नहीं देखा। इतने में परशोतम ने चांदनी चांदनी की पुकार मचा दी। सरोजा ने कहा,’’जाकर अंदर बैठ, चांदनी अंदर चली गई। काने के चेहरे की लटकन गायब होकर, उस पर मुस्कान लौट आई। सरोजा ने उससे सलाह की कि परशोतम की शादी की दावत कैसे करें? काने ने सलाह दी कि सोमवार को मार्किट की छुट्टी होती है। परसों ही सोमवार है। सतनारायण भगवान जी की कथा करवा कर, सबका खाना कर दो। सरोजा बोली,’’मैं जनानी जान, कैसे ये सब कर पाउंगी? बेटा तूं ही सब इंतजाम करियों और देखियो। मैं तो बस पैसे ही दे सकूं।’’वहाँ के बाशिंदे ही तो नामी हलवाइयों के कारीगर थे। हम सब को भी दावत का बुलावा था। उसने शाम का समय रक्खा था। हम लोग पहुंचे तो राजरानी वहाँ पहले से ही बैठी थी। कथा लगभग समापन पर थी। उसने इशारा करके मुझे और अराधना को अपने पास बिठाया। हमारे बैठते ही फुसफुसा कर बोली,’’दीदी चांदनी बहुत ही सुंदर है।’’सामने देखा, परशोतम के बाएं ओर घूंघट में गर्दन झुकाए चांदनी बैठी हुई थी। आरती के बाद सरोजा ने खाने के लिए हमें शामियाने  में न बिठा कर अंदर बिठाया। चांदनी ने उनके रिवाज के अनुसार हमारी घुटनों तक टांगें दबा दबा कर पांव छुए। हम उसे रोकना भूल कर, एकटक उसका चेहरा देखते रह गए। अराधना  बोली,’’इसकी तो उम्र भी कम है।’’सरोजा ने जबाब दिया,’’दीदी, बूढ़े तोते राम राम नहीं सीखते। छोटी है न जैसी चलाउंगी वैसी चलेगी।’’खाना भी ग़़ज़ब का स्वाद था।    क्रमशः     

Wednesday 4 December 2019

ख़्वाब में झूठ क्या! और भला सच है क्या? हाय! मेरी इज्जत का रखवाला भाग 5 Hai Mere Izzat Ka Rakhwala Part 5 Neelam Bhagi नीलम भागी


सरोजा का अब एक ही सपना था, सुन्दर सी गोरी चिट्टी बहू और प्यारे प्यारे पोते। अपने ख्वाब को हकीकत में बदलने में वो जी जान से लगी हुई थी। किसी के घर से उसे जो भी मिलता, वो ले लेती। सामान तो रास्ते में ही कबाड़ी को बेच कर रुपये अंटी में कर लेती थी। कपड़े वगैरहा संभाल लेती थी। साल में दो बार सर्दी और गर्मी की छुट्टी में दस दस दिन के लिए गांव जरुर जाती। बाकि दिन वह कभी नागा नहीं करती थी। इसलिए उसकी मैडम लोग मैनेज़ कर लेतीं थीं। उसकी पांचों घरों की मैडम नौकरी वालीं थीं। गांव में उसका अपना मकान था। जिसको उसने रहने लायक कर रक्खा था। जब झोपड़ पट्टी में रहती थी तब सोचती थी कि बुढ़ापे में जाकर वहाँ रहेगी। अब शहर में मकान और रोजगार होने पर भी  इस उम्मीद से आती थी कि परशोतम का रिश्ता अच्छा हो जायेगा। परशोतम को शहर से भी रिश्ता आता था पर सरोजा का मानना था कि दिल्ली की लड़की को काम करने की आदत नहीं होती। भला घर का काम भी कोई काम है। छोटे छोटे घर में सफाई कित्ती! चौका बर्तन और कपड़े धो लिए बस। और गांव की लड़की सारा दिन खेत में काम, पशुओं का काम, घर का काम तो करना ही है। उसे काम करने की आदत होती है यानी काम करने की मशीन होती है। गांव जाते समय परशोतम के कपड़े, जूते, कच्छे बनियान तक नये होते थे। साथ में मैडम लोगों के घर सें  मिले कपड़ों के गठ्ठर ले जाती। दस दिन तक वह वहाँ कोई काम नहीं करती थी। सामने दूहा दूध, वहां पैदा होने वाली ताजी़ फल सब्जियां नगद पैसा देकर लेती थी। अच्छा खाती, अच्छा पहनती, सब उससे मिलने आते या वह जाती, जो भी उसे बुलाने जाता उसके घर जरूर जाती। अच्छी तरह ड्रैसअप होकर हैंडसम परशोतम सुनहरे फ्रेम का काला चश्मा लगाये गाने सुनता रहता था। जो भी उसका काम करता उसे वह कपड़ा देती। सबसे कहती कि वो तो शहर में परशोतम की शादी तक है। उसका घर बसा कर, वह वापिस गांव में अपने लोगों के बीच में रहेगी। रहने को घर ऊपर से चार किराये और मौके का मकान है ,जिसकी कीमत अनमोल है। फिर गला भर कर नाक सुनक कर कहती,’’ बंसी की किस्मत में सुख नहीं था, उन्हेें जल्दी भगवान ने बुला लिया। परशोतम के दुख में वे चले गये। जिन्दा रहते तो देखते भगवान ने जे उसको आंख न दी तो नसीब ऐसा दिया है कि उसे काम करने की जरुरत ही न।’’ साथ ही बोलती,’’ परशोतम की शादी में मैं न कुछ दूंगी न कुछ लूंगी बस लड़की सुन्दर चाहिए।’’ उसके ठाठ देख कर शुरु शुरु में किसी ने कहा कि हमारे छोरा को ले जाकर किसी काम धंधे में लगा दो न दिल्ली में।’’ उसने दो टूक जवाब देते हुए कहा,’’हमारे यहाँ अंग्रेजी पखाना है। जिसे हमें खुद ही साफ करना पड़ता है। तुम हो जमीन पे हगने वाले, वहाँ जंगल दिशा के लिए कोई मैदान जगह नहीं है। हम न किसी का पॉट साफ करते न करवाते।’’ फिर लोगों ने कहना ही बंद कर दिया। लौटते समय अपने कपड़े भी दे आती। उसकी सूझ बूझ रंग लाई। एक खूबसूरत बेटी के गरीब पिता ने ये सोच कर कि उसकी बेटी चांदनी और उसके होने वाले बच्चों को दो वक्त की भर पेट रोटी मिलेगी। चांदनी का विवाह परशोतम से कर दिया। चांदनी सरोजा के घर में आई और उसकी सुन्दरता की चर्चा बाहर आई।   क्रमशः