Search This Blog

Tuesday, 28 April 2026

पाहरम्प से हॉलीवुड वैस्ट घर वापसी Hollywood West Homecoming from Pahrump Neelam Bhagi Migration to America Part 93


होटल पहुंचते ही जरूरत का सामान लिया बाकी गाड़ी में ही रहने दिया। सुइट्स में जाते ही गीता दित्या नहाने चल दीं। उन्होंने बेड वाटर में खूब मस्ती की थी इसलिए उन पर नमक चिपका हुआ था। राजीव जी बोले कि होटल के सामने ही थाई रेस्टोरेंट है। कहीं जाने की जल्दी तो है नहीं वहां अपनी पसंद का थाई फूड बनवाएंगे। मुझे तो होटल में पहुंचकर एक ही काम करना होता है , वह है आराम जो मैं करने लगी। कोई भी जाने को तैयार नहीं है। उत्कर्षनी राजीव जी खाना लेने चले गए। आते ही उत्कर्षनी बोली, " आपके वेज खाने में 7 लेवल तक मिर्ची डलवाई है।"मिर्च का लेवल सुनकर मैंने पूछा, " कितने लेवल तक होती है। " उसने जवाब दिया कि 10 तक। खाना तो स्वाद है पर मेरे होंठ बाहर तक मिर्च से जलने लगे शायद इतने दिन तक मिर्च के बिना खाया तो आदत छूट गई हो ऐसा इसलिए भी था। कल घर के लिए निकलना है। सुबह कोई जल्दी नहीं है क्यूंकि अब घर ही तो जाना है। होटल हॉलिडे इन Holiday Inn Express & Suites में ब्रेकफास्ट बढ़िया है। नाश्ता करने के बाद तैयार होकर घर के लिए निकले।

पाहरम्प से हॉलीवुड वैस्ट के रास्ते की खूबसूरती भी किसी दर्शनीय स्थान से कम नहीं है!

इस रास्ते की कुल दूरी 285 मील / 460 किमी है। ये रास्ता सिर्फ हाईवे नहीं, बल्कि 4 घंटे की मिनी रोड ट्रिप फिल्म की तरह है। हर 1 घंटे में नज़ारा बदल रहा है।

सुनहरा रेगिस्तान, 60 मील सड़क के दोनों तरफ खुला रेगिस्तान, दूर बर्फ से ढकी पहाड़ियों की चोटी लाल चट्टानें, रात में निकले तो Milky Way साफ दिखती है

सड़क किनारे अजीबोगरीब जोशुआ ट्री खड़े मिलेंगे - जैसे कोई डाली ऊपर करके नाच रहा हो।

Baker के बाद रेत के टीले शुरू हो जाते हैं। दोपहर में मृगतृष्णा दिखती है यानि दूर सड़क पर पानी जैसा चमकता है Zzyzx Road नाम का बोर्ड ही इतना फोटोजेनिक है। पीछे नमक की सूखी झील, सिल्वर लेक दिखती है। Calico Ghost Town Barstow से पहले पहाड़ों में रंग-बिरंगी मिट्टी की परतें - लाल, पीली, बैंगनी दिखती हैं। Cajon पास के बाद फिर अचानक रेगिस्तान खत्म, चीड़ के जंगल और तापमान 10 डिग्री गिर जाता है। घुमावदार ट्रैक से नीचे पूरी LA Valley दिखती है।

बारिश के बाद यहां झरने फूट पड़ते हैं। सर्दी में पहाड़ों पर बर्फ होती है। उत्कर्षनी ने बताया कि मार्च-अप्रैल बारिश के बाद पूरी घाटी में जंगली फूल पीले -बैंगनी खिलते हैं। Pasadena/Glendale पहाड़ उतरते ही ट्रैफिक और बिल्डिंग शुरू हो जाती हैं।

ये रास्ता बताता है कैलिफोर्निया कितना विविध है - 4 घंटे में सूखी झील से लेकर पाइन फॉरेस्ट, फिर फिल्मी शहर तक सफ़र और अब घर।

5,800 किमी, गूगल और एप्पल मैप के सहारे, सात राज्यों की सुखद यात्रा की है । कहीं सड़क खराब नहीं मिली, बरसात भी हुई, कोई गड्ढा होता तो बारिश में पानी भरने दिखता है न, पर नहीं दिखा। खूब बर्फ मिली लेकिन वहां भी सड़क साफ मिली। हां सड़क के दोनों ओर खूब बर्फ ही बर्फ। पेड़ पौधे सब बर्फ से ढके पर सड़क पर बर्फ नहीं। कहीं भी अपने को असुरक्षित महसूस नहीं किया। सबसे मुख्य बात, रास्ते में हर जगह साफ टॉयलेट मिले और पीने का पानी मिला।

समाप्त

https://www.instagram.com/reel/DXpRJSjD_uO/?igsh=MW0zMHF2MWNzdW0wOA==











No comments: